इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के फ़रीदुल हक़ मेमोरियल पीoजीo कॉलेज सबरहद में राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर के समापन समारोह के तहत स्वयंसेवक एवं सेविकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ रिंका और एकता चौधरी के स्वागत गीत से हुआ। इसके पश्चात अक्सा जुबेर ने दहेज प्रथा पर विचार रखते हुए इसे समाज का बड़ा अभिशाप बताया और इसे समाप्त करने के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया। समा परवीन ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण के प्रति लोगों की अनदेखी चिंताजनक है और हमें अपनी जरूरतों के साथ पर्यावरण की सुरक्षा पर भी ध्यान देना होगा। वहीं साबरीन ने भ्रूण हत्या जैसे गंभीर विषय पर बोलते हुए कहा कि महिला समाज की शक्ति है और उसके बिना समाज अधूरा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ. तबरेज आलम ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह छात्रों के व्यक्तित्व विकास और समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। साथ ही जल संरक्षण, मृदा संरक्षण, वृक्षारोपण तथा सामाजिक कुरीतियों से लड़ने के लिए युवाओं को जागरूक और सशक्त बनने की आवश्यकता बताई। अंत में उप प्राचार्य डॉ. निजामुद्दीन ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी ओम प्रकाश चौरसिया, डॉ. शिव प्रसाद यादव, शाहबाज आलम, डॉ. संजय यादव, सूर्य प्रकाश यादव, सिमरन बानो, मो. सैफ, अशरफ, काजल खुशी, रागिनी, रानिका कन्नौजिया सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।