इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जलालपुर और सुरेरी के मामलों की जांच कर रही एसआईटी, दो नामजद आरोपितों ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
जौनपुर। जलालपुर और सुरेरी थाने में दर्ज कथित जबरन वसूली और लूट के दो मामलों की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, सुरेरी के तत्कालीन थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश सिंह समेत दो आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।वहीं, जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने पर सुरेरी थाने में तैनात रहे निलंबित आरक्षी सत्येंद्र कुमार गौड़ और विष्णु सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जलालपुर मामले में नामजद संकीत सिंह और विकास ने 23 सितंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में अब तक दो निलंबित सिपाहियों समेत तीन आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि दो नामजद आरोपित न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।सुरेरी थाने में 22 सितंबर को दर्ज मुकदमे में बड़ागांव, कमिश्नरेट वाराणसी निवासी राजेंद्र दूबे को नामजद किया गया है। मुकदमे में सादे कपड़ों में मौजूद बताए गए तीन-चार अज्ञात पुलिस कर्मियों और खाते में रकम मंगाने वाले वंशनरायन गिरी को भी आरोपित बनाया गया है।पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने आरोप लगाया कि 13 सितंबर को राजेंद्र दूबे ने फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया। वहां सादे कपड़ों में मौजूद लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उसे वाहन में बैठाकर ले गए। आरोप है कि करीब 1.65 लाख रुपये की रकम वसूल की गई और यूपीआई के माध्यम से वंशनरायन गिरी के खाते में धनराशि स्थानांतरित कराई गई। जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह को निलंबित किया गया।जलालपुर थाने में 17 सितंबर को मुकदमा संख्या 416/2026 दर्ज किया गया था। इसमें संकीत सिंह, विकास और चार अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया। शिकायत के मुताबिक 15 सितंबर को संकीत सिंह पीड़ित को अपने साथ ले गया था। आरोप है कि चार पहिया वाहन में मौजूद लोगों ने उसे जबरन बैठाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये की मांग की।