इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
श्रावस्ती। मुख्यमंत्री जी द्वारा 5 अगस्त को गोण्डा में मण्डलीय समीक्षा बैठक हुई थी जहां मुख्यमंत्री जी द्वारा कानून व्यवस्था व विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की गयी। इसी के तहत जिलाधिकारीअजय द्विवेदी ने मुख्यमंत्री जी द्वारा दिये गये निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन कराये जाने हेतु विभागीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि मण्डलीय समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा निर्देशित किया गया कि जनपद में संचालित विकास कार्यक्रमों/परियोजनाओं को पूर्ण कराते हुये जनोपयोगी बनाये जायं। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में विकास कार्यों हेतु आवश्यक भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शीघ्र की जाय। एक करोड से अधिक लागत के निर्माण कार्यों के अनुश्रवण हेतु प्रत्येक कार्यों पर एक नोडल अधिकारी नामित किया जाय। प्रत्येक माह उद्योग बन्धुओं/व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का निस्तारण कराया जाये। प्रत्येक दो माह में बैंकर्स के साथ बैठक कर संचालित विभिन्न योजनाओं में आ रही वित्तीय समस्याओं का निराकरण कराया जाय। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खराब मार्गों के नवीनीकरण व सुदृढीकरण हेतु प्राथमिकता के आधार पर सड़कों की सूची तैयार कर प्रस्ताव प्रेषित किया जाय तथा प्रस्ताव लेते समय जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव को समिलित किया जाय। जनसुनवाई हेतु प्रतिदिन अधिकारी निर्धारित समय पर उपलब्ध रहें।आई०जी०आर०एस० की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाय। राजस्व वादों के निस्तारण में सम्बन्धित अधिकारियों/कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इसके अतिरिक्त जनपद मेंऐसे गरीब परिवारों का सर्वे किया जाय जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हों। महिलाओं के सुरक्षा के दृष्टिगत महिला बीट पुलिस अधिकारी के साथ बीसी सखी, आशा बहुये पंचायत भवन में एक साथ बैठकर महिलाओं की समस्याओं का निराकरण कराये जाय। उन्होंने कहा कि जनपद में बिजली की समस्या का निराकरण कराया जाय। जनपद के सार्वजनिक स्थानों पर सफाई की व्यवस्था दुरूस्त रखी जाय तथा कूठे के उठान की समुचित व्यवस्था बनाई जाये। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये उक्त निर्देशों का सभी सम्बन्धित अधिकारीगण अक्षरशः अनुपालन कराते हुए एक सप्ताह के भीतर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एपी सिंह सहित अन्य तमाम विभागों के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।