विनोद कुमार @ केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के धरौरा गांव निवासी लखेंद्र बनवासी का पुत्र शनि बनवासी उम्र 5 वर्ष मंगलवार को गांव के बगीचे में खेल रहा था। खेलते हुए केराकत-जौनपुर मार्ग के हुरुहुरी गांव के एसडी पब्लिक स्कूल के समीप पहुंचा। इसी दौरान जौनपुर की तरफ जा रही अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बालक सड़क के किनारे जा गिरा। बालक को गिरता देख आस-पास के लोग इकठ्ठा हो गये। भीड़ को आता देख चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। भीड़ से किसी ने घटना की सूचना पुलिस व परिजन को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये जहां चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मौत की खबर परिवार में होते ही कोहराम मच गया। परिजनों का करुण क्रंदन सुन मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था। विगत रक्षाबंधन के दिन मृतक के बड़े भाई की पेड़ से गिरने से मौत हो चुकी है।