इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
मिर्जामुराद, वाराणसी। स्थानीय थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव निवासी एक पीएसी जवान साइबर ठगी का शिकार हो गया। फिल्मी अंदाज में ठग ने उसके सहकर्मी की आवाज निकाल हजारों रुपये ऑनलाइन के माध्यम से उसके खाते से ठग लिए। जानकारी के अनुसार मेंहदीगंज गांव निवासी सुनील कुमार पांडेय 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में कार्यरत है। कुछ रोज पूर्व छुट्टी लेकर घर आए थे। शुक्रवार की सुबह उक्त पुलिसकर्मी को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उसने सहकर्मी की आवाज में बात कर अपने खाते में दिक्कत आने की बात बताया और बोला कि मेरे एक जानने वाले कुछ रुपए भेजना चाहते हैं। मेरे अकाउंट में दिक्कत है आप उन रुपयों को अपने अकाउंट में लेकर ऑनलाइन मेरे खाते में भेज दीजिए। बकायदे अज्ञात व्यक्ति ने अपने खाता संख्या भी दिया और पुलिस कर्मी को विश्वास में लेकर उसके मोबाइल से फोन पे के माध्यम से 50 हजार रुपए दो बार में अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। कुछ देर बाद पीएसी जवान को उसके साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में पता लगा। भुक्तभोगी सुनील मिर्जामुराद थाने पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। वहीं दूसरा मामला मिर्जामुराद क्षेत्र के रामसिंहपुर गांव निवासिनी के खाते से शनिवार को साइबर जालसाजों द्वारा 65000 रूपये ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। भुक्तभोगी महिला मिर्जामुराद थाने पहुंचे।अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ लिखित तहरीर दिया। भुक्तभोगी के अनुसार रामसिंहपुर (मिर्जामुराद) गांव निवासिनी साधना सिंह का कछवारोड बैंक आफ बडौदा की शाखा में खाता है। शनिवार को खाता धारक का पुत्र विपुल सिंह द्वारा मोबाइल से ऑनलाइन द्वारा 5 हजार रुपया किसी के खाते में गलत तरीके से ट्रांसफर हो गया।पैसे के वापसी हेतु जब खाता धारक का पुत्र बैंक गया तो बैंक कर्मियों द्वारा टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करने की बात बताई गई। पुत्र ने गूगल से टोल फ्री नंबर निकाल जब फोन किया तो पैसे वापसी हेतु मोबाइल में ऐप डाउनलोड करने की बात बताई गई। फिर क्या था, ऐप लोड करते ही साइबर जालसाजों द्वारा उक्त खाता धारक के खाते से 65 हजार की ठगी कर लिया गया।