इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
श्रावस्ती। कमांडेंट 62वीं वाहिनी एसएसबी भिनगा की अगुवाई में 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने वाहिनी मुख्यालय भिनगा के मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्माष्टमी पर्व मनाया।इस मौके पर जवानों ने मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का संचार हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत भजन और कीर्तन से हुई जिसमें जवानों ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ जहां रबीन्द्र राजेश्वरी कमांडेंट के साथ अमरेंद्र वरुण द्वितीय कमान अधिकारी, सोनू कुमार उप कमांडेंट, डॉ. रश्मि वाजपेयी उप कमांडेंट (चिकित्सा) सहित अन्य जवानों और उनके परिवारजनों ने भाग लिया। पूजा के पश्चात् प्रसाद वितरण किया गया जिसे सभी जवानों और उनके परिवारों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। 62वीं वाहिनी के कमांडेंट महोदय ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि “जन्माष्टमी का पर्व हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि हमारे समाज में नैतिक मूल्यों और एकता का संदेश भी देता है।” इस सम्पूर्ण कार्यक्रम में वाहिनी के समस्त अधिकारी, जवान सहित उनके परिवार और बच्चे शामिल रहे।