इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जौनपुर। आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर हालिया न्यायिक प्रक्रिया में मिली राहत के बाद आम आदमी पार्टी जौनपुर इकाई द्वारा जिला मुख्यालय पर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और "केजरीवाल ईमानदार थे, हैं और रहेंगे" के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे जहां पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्र ने कहा कि यह केवल एक कानूनी जीत नहीं, बल्कि सत्य और ईमानदारी की जीत है। "लंबे समय से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को राजनीतिक द्वेष के तहत बदनाम करने का प्रयास किया गया लेकिन न्याय पालिका पर हमें पूरा भरोसा था। आज यह स्पष्ट हो गया है कि सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता। आम आदमी पार्टी शुरू से ही पारदर्शिता और ईमानदारी की राजनीति करती आई है और आगे भी करती रहेगी।"जिलाध्यक्ष रामरतन विश्वकर्मा ने कहा कि "आज जौनपुर का हर कार्यकर्ता गर्व महसूस कर रहा है। जिन नेताओं ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार किया, उन्हें झूठे आरोपों में घेरने की कोशिश की गई लेकिन सत्य की जीत हुई है। यह जनता के विश्वास की जीत है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।इस अवसर पर शत्रुघ्न सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह बागी, त्रिलोकीनाथ मिश्र, रत्नेश सिंह, महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष वन्दना मिश्रा, एससी/एसटी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष संजय गौतम, रितेश कुमार, लालमन सरोज, अनुराग मणि त्रिपाठी, संजय कुमार, लाले बिन्द, लालजी बिन्द, राममिलन बिन्द, खेमराज सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, ऊर्जा और विश्वास का माहौल देखने को मिला जिसे नेताओं ने लोकतंत्र में न्याय और सच्चाई की विजय बताया।