जौनपुर। मानस प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद जौनपुर में श्रीराम चरित मानस सम्मेलन का 49वाँ आयोजन गुरुवार सायंकाल से शुरू हुआ जो मंगलवार 7 अप्रैल तक चलेगा। इस मौके पर जाने—माने व्यासगण अपनी मधुर वाणी से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम कथा की अविरल धारा में श्रोताओं को भक्ति रस में डुबोयेंगे।
श्रीराम कथा के प्रथम दिवस पर महेंद्र जी शास्त्री (मानस मणि) झांसी ने हनुमान जन्मोत्सव पर परम वीर हनुमान जी की भक्ती की चर्चा करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का नाम इतना महान है कि हनुमान जी द्वारा लगातार रटते हुये उन्होंने रामचन्द्र जी को अपने दिल में बसा लिया था। "सुमिरि पवन सुत पावन नामू, अपने वश करि राखे रामू"।।फतेहपुर की धरती से पधारे व्यास राकेश पाण्डेय ने हनुमत चरित्र की दिव्य चर्चा करते हुए कहा कि हनुमान जी ने सुग्रीव को प्रभु श्रीराम से मिलवाया तो उन्हें राज पद मिला। विभीषण को भगवान श्रीराम से मिलवाया तो वह लंका का राजा बना। इसी तरह हनुमत की कृपा से ही भगवान श्रीराम मिल जाते हैं।
इस अवसर पर प्रो० आरएन त्रिपाठी, सुरेन्द्र मौर्या, ईश्वर चन्द्र, जगदीश चन्द्र गुप्त, ओम प्रकाश गुप्त, सुरेन्द्र जायसवाल, अनिल जायसवाल, राम आसरे साहू, रमेश चंद्र जायसवाल, रमेश सेठ, मनोज वर्मा, संजय सेठ जेब्रा, स्कन्द भार्गव, दिनेश जायसवाल सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।