Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Ghazipur: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी ज़ोरदार टक्कर, मौके पर एक की मौत दूसरी गंभीर।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

सैदपुर, गाजीपुर। स्थानीय क्षेत्र के शेखपुर हाइवे पर शनिवार की शाम वाराणसी से आई दो शिक्षिकाओं के साथ हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। औड़िहार के गोपालपुर निवासिनी 40 वर्षीय संध्या पत्नी धर्मेंद्र के दो बेटे 18 वर्षीय शुभम व 12 वर्षीय सत्यम हैं। संध्या ने दोनों की बेहतर पढ़ाई के लिए वाराणसी के निजी स्कूल में एडमिशन कराया है। ऐसे में वो वाराणसी के महमूरगंज में ही किराए पर रूम लेकर बच्चों संग रहती थी। संध्या के बगल में ही 50 वर्षीय प्रेमलता पत्नी राजकुमार भी रहती हैं और वो एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। पड़ोसी होने से संध्या व प्रेमलता में दोस्ती हो गयी। जिसके बाद प्रेमलता के साथ संध्या भी उसी स्कूल में पढ़ाने लगी। संध्या के पति धर्मेंद्र गुजरात के राजकोट में नौकरी करते हैं। संध्या की बहन सपना की शादी सैदपुर नगर के तरवनियां में दिलीप से हुई है। कुछ दिनों पूर्व उसकी बेटी की तबियत खराब हुई थी। ऐसे में शनिवार की छुट्टी होने के चलते संध्या अपनी भतीजी को देखने व बहन से मिलने के लिए प्रेमलता के साथ उनकी स्कूटी से आई थी। बहन से मिलने के बाद वो दोनों स्कूटी से वापस जा रही थी। स्कूटी प्रेमलता चला रही थी। इस बीच वापस लौटते समय शेखपुर के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संध्या उछलकर डिवाइडर से टकराई और फिर खाई में गिर गयी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। वहीं प्रेमलता के सिर में चोट लगने से वो बेहद गम्भीर रूप से घायल हो गयी। इधर टक्कर मारने के बाद कार स्कूटी को करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ गई और फिर चालक कार को वहीं छोड़कर फरार हो गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और कार व स्कूटी को थाने पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने संध्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रेमलता को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन सीएचसी पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं पति धर्मेंद्र भी राजकोट से घर के लिए रवाना हो गए हैं। संध्या अपने पीछे 18 वर्षीय पुत्र शुभम और 12 वर्षीय पुत्र सत्यम सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शाम साढ़े 5 बजे तक पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार वाहन व चालक की तलाश में जुट गई है।