Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur:नवीन मण्डल का डीएम ने किया निरीक्षण एवं दिया आवश्यक निर्देश।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने जनपद के नवीन मंडी (करंजाकला एट धर्मापुर मंडी) एवं बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड कोठवार (विकास खंड करंजाकला) स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र एवं खाद वितरण समिति का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने धान खरीद की प्रगति एवं तैयारियों, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।नवीन मंडी स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रय केंद्र से संबंधित अभिलेखों एवं रजिस्टर का अवलोकन किया। रजिस्टर में अंकित किसानों के मोबाइल नंबर पर वार्ता कर धान विक्रय की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। किसानों ने बताया कि वर्तमान में धान में नमी अधिक होने के कारण वे आगामी 10 से 15 दिनों के भीतर अपना धान विक्रय हेतु क्रय केंद्र पर लेकर आएंगे। इस दौरान मंडी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था में कुछ कमी पाये जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए तथा क्रय केंद्र पर किसानों की सुविधा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बी-पैक्स कोठवार स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र एवं खाद वितरण समिति का निरीक्षण किया। मौके पर केंद्र प्रभारी उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने टोकन रजिस्टर का अवलोकन करते हुए टोकन पंजिका में अंकित कृषक राजदेव प्रजापति निवासी किशुनपुर से दूरभाष पर वार्ता किया तथा धान विक्रय के लिए क्रय केंद्र पर धान लाने के संबंध में जानकारी प्राप्त किया। साथ ही उन्होंने उर्वरक वितरण पंजिका एवं समिति के गोदाम में रखे उर्वरक स्टॉक का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान अवगत कराया गया कि समिति को पूर्व में प्राप्त डीएपी खाद का वितरण किया जा चुका है तथा वर्तमान में एनपीएस उर्वरक उपलब्ध है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता द्वारा किसानों की मांग एवं आवश्यकता के दृष्टिगत शीघ्र ही उर्वरक की नई रैक उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई।जिलाधिकारी ने समिति के सचिव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान की खरीद शासन द्वारा निर्धारित क्रय नीति के अनुरूप पारदर्शी एवं नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा क्रय केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। साथ ही समितियों पर उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखते हुए किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देश दिए कि जनपद के सभी धान क्रय केंद्रों पर नियमानुसार खरीद सुनिश्चित कराने तथा सहकारी समितियों पर उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाय जिससे किसानों को समय से धान विक्रय एवं खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।