Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur:मानव मात्र की अमूल्य धरोहर है श्रीमद्भागवत गीता: प्रो. पाण्डेय

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड स्थित गांधी स्मारक पीजी कॉलेज समोधपुर के संस्कृत विभाग में गीता जयन्ती पर प्रो. रणजीत पाण्डेय की अध्यक्षता में संक्षिप्त विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। गीता जयंती पर आयोजित ज्ञानयज्ञ में प्राचार्य प्रो. पाण्डेय ने कहा कि आज से लगभग 5 हजार वर्ष पूर्व मोक्षदा एकादशी के दिन भारतीय संस्कृति के महानायक लीला पुरुषोतम भगवान् श्रीकृष्ण ने कुरूक्षेत्र में विषादग्रस्त अर्जुन को जो कर्तव्योपदेश दिया था। वह श्रीमद्भगवद्गीता और संक्षेप में गीता नाम से प्रख्यात हुआ।उन्होंने बताया कि विश्व के इस सर्वश्रेष्ठ दर्शन का संसार के शीर्ष चिंतकों, विद्वानों, दार्शनिकों और वैज्ञानिकों ने मुक्त कंठ से गुणगान करते हुए सार्वभौम और सार्वकालिक गीता शास्र को मानव मात्र का अमूल्य धरोहर माना है जिसके कुल 18 अध्यायों और 700 श्लोकों में समग्र जीवन दर्शन प्रस्तुत किया गया है। साक्षात् भगवान् श्रीकृष्ण की दिव्यवाणी, सर्वमान्य, प्रमाण स्वरुप अलौकिक, ज्ञान-योग-भक्ति से पूर्ण इसकी महिमा अपरिमित है। गंगा और गायत्री से बढ़कर माने जाने वाली गीता को स्वयं भगवान् से भी बढ़कर मानना अत्युक्ति नहीं है।विशिष्ट अतिथि रासेयो के पूर्व समन्वयक प्रो. राकेश यादव ने गीता को मानव विकरों को दूर कर जीवन को सरल, सरस व सुगम बनाने वाला बताया। वरिष्ठ सहायक आचार्य डाॅ अवधेश मिश्रा ने कहा कि ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में चमत्कारी प्रगति वाले आज के इस अशांत विश्व में गीता दर्शन ही उपयुक्त एवं लाभदायक है। मुख्य अनुशास्ता डाॅ अविनाश वर्मा ने कहा कि गीता अद्भुत और बेजोड़ है। इसकी प्रासंगिकता सभी काल में रहेगी। इस दौरान बीएड विभागाध्यक्ष डाॅ पंकज सिंह कहा कि गीता परम रहस्यमय ग्रंथ है। इसमें सम्पूर्ण वेदों का सार संग्रह किया गया है।इस दौरान डाॅ नीलमणि सिंह, डाॅ जितेन्द्र सिंह, डाॅ वंदना तिवारी, डाॅ नीलम सिंह, और डाॅ विकास यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन डाॅ विष्णु कांत त्रिपाठी और धन्यवाद ज्ञापन डाॅ लालमणि प्रजापति ने किया। इस अवसर पर डाॅ संदीप सिंह, बिंद प्रताप सिंह, अखिलेश सिंह, पंकज, गंगा प्रसाद, राजेश, राहुल, शिक्षा, रीशू, आर्या, रातिमा, अंजलि, रागिनी, प्रतिभा, वैभव, अमन, श्रेयांश सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।