इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
>बाइक क्षतिग्रस्त, कार का अगला टायर टूटा, चालक डीजे लेकर फरार।
जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अटरिया गांव के पास रविवार सुबह लगभग 11 बजे तेज रफ्तार डीजे वाहन ने सड़क पर कहर बरपा दिया। अनियंत्रित डीजे ने दो बाइक और एक कार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद डीजे चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार बरसठी थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव निवासी विपिन सरोज (44) एवं मिथलेश सरोज (30) आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों रविवार सुबह बाइक से जमालापुर से बाबतपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोपालापुर की तरफ से तेज गति में आ रही डीजे वाहन अटरिया गांव स्थित कटहल की बगिया के पास पहुंची और सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद डीजे चालक ने वाहन नहीं रोका, बल्कि भागने के प्रयास में पीछे खड़ी एक अन्य बाइक को भी टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार के अगले हिस्से में भी डीजे की टक्कर लग गई, जिससे कार का अगला टायर टूट गया। इसके बावजूद चालक डीजे लेकर मौके से फरार हो गया।घटना स्थल भाऊपुर चौकी से महज 50 मीटर दूरी पर होने के कारण चौकी प्रभारी सुग्रीव प्रसाद गुप्ता पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को मड़ियाहूं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घायल युवकों का इलाज चल रहा है तथा फरार डीजे वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। वहीं स्थानीय चश्मदीदों का कहना है कि दुर्घटना करने वाला डीजे गोपालपुर गांव स्थित “मां वैष्णो देवी” नामक डीजे वाहन बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।