इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
चंदवक,जौनपुर।क्षेत्र में बुधवार की रात करीब 11:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। इस हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बगेरवा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान दीपक(35) और आकाश(22) के रूप में हुई है।मराड़ गांव निवासी हरिश्चंद्र विश्वकर्मा के बेटे दीपक (35) अपने पांच वर्षीय पुत्र शिवांश और छोटे भाई आकाश (22) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वे केराकत थाना क्षेत्र के मुरारे स्थित ननिहाल से 7 मई को होने वाले शादी समारोह की मेहंदी रस्म में शामिल होकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान नारेपार के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भीषण था कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आकाश ने वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दीपक का पांच वर्षीय बेटा शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया।बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक को टक्कर मारने के बाद वह अनियंत्रित होकर प्रभु यादव के घर के बाहर चारपाई पर बैठे दो चचेरे भाइयों अखिलेश (25) और राहुल (23) को भी रौंदती हुई दीवार से जा टकराई। दोनों युवक 13 मई को होने वाली शादी की तैयारियों को लेकर बातचीत कर रहे थे।हादसे के बाद चालक को छोड़कर बोलेरो में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया। शिवांश और राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बोलेरो और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।