Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur: पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात एक मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में वांछित बदमाश नफीस को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक .315 बोर का देशी तमंचा, दो कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ चहरसू चौराहा पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश कटघरा की तरफ से तूतीपुर पीपा पुल होते हुए ताड़तला में किसी वारदात को अंजाम देने आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तूतीपुर चौराहे पर घेराबंदी की।कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह कटघरा की तरफ भागने लगा। रेत और लोहे की चद्दर पर फिसलकर गिरने के बाद बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली प्रभारी निरीक्षक की कनपटी के पास से निकली। आत्मरक्षा में प्रभारी निरीक्षक ने भी एक राउंड फायर किया।गोलीबारी रुकने पर पुलिस ने संदिग्ध को दबोच लिया। घायल अवस्था में गिरे बदमाश की पहचान नफीस (37 वर्ष) पुत्र मो. रफीक, निवासी रौजाजमाल खाँ अचला देवी घाट रोड, सिपाह, थाना कोतवाली, जौनपुर के रूप में हुई।तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 540 रुपये नकद और एक एंड्रॉइड फोन बरामद हुआ। पूछताछ में नफीस ने बताया कि वह चोरी, लूट, छिनैती और सुपारी लेकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।नफीस पर केराकत, गौराबादशाहपुर, खेतासराय और कोतवाली थानों में हत्या के प्रयास, लूट, एनडीपीएस एक्ट सहित 8 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।