इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जलालपुर, जौनपुर। क्षेत्र के हौज टोल प्लाजा पर गुरुवार रात करीब नौ बजे जौनपुर से वाराणसी जा रही कार में अचानक आग लग गई। टोल बूथ संख्या-2 पर शुल्क देने के लिए रुकी कार के बोनट से तेज धुआं निकलने के बाद इंजन में आग भड़क उठी। कार में महिला और मासूम बच्ची समेत पांच लोग सवार थे।आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट के कारण कार का सेंसर लॉक सिस्टम काम नहीं कर रहा था और दरवाजे खोलने में परेशानी हो रही थी।टोलकर्मियों ने बाहर से दरवाजा खोलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया गया। करीब आधे घंटे तक टोल बूथ पर यातायात रोका गया। समय रहते सभी यात्रियों के सुरक्षित निकलने से बड़ा हादसा टल गया।