इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अजय द्विवेदी की अध्यक्षता में 1 से 31 अक्टूबर तक चल रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 अक्टूबर तक चल रहे दस्तक अभियान की अन्तर्विभागीय समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया।साथ ही कहा कि जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति सजग एवं जागरूक करते हुए विशेष सफाई रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नोडल विभाग द्वारा दिये गये प्रारूप पर माइक्रोप्लान बनाकर कारगर कदम उठाये जायं जिससे लोगों को संचारी रोगों के संक्रमण से बचाया जा सके।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं आशाओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोग के प्रति जागरूक किया जाए तथा लक्षणयुक्त व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उनका नाम, पता एवं मोबाइल नम्बर सहित सम्पूर्ण विवरण ई-कवच पोर्टल पर डिजिटल अपलोड करें। इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं आशा द्वारा क्षय रोग के सम्भावित रोगियों की भी जानकारी प्राप्त करेंगी। कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं कालाजार रोगों के प्रति भी संवेदीकरण का कार्य सम्पादित करें। जिला स्तर से आयोजित कन्ट्रोल रूम से सभी सम्बन्धित विभाग को जानकारी व मानिटरिंग की जाए। उन्होंने सभी सम्बन्धित विभागों को कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागों की प्रगति रिपोर्ट बेहतर पाए जाने पर सन्तोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि इसे और बेहतर स्थिति में पहुंचाने का पूरा प्रयास करें। साथ ही निर्देश दिया कि विभिन्न रोगों की रोकथाम हेतु विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए एक साथ कार्यवाही की जाय।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0पी0 सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 वी0के0 श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 मानव, जिला पंचायत राज अधिकारी नन्द लाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी पी0के0 दास, डब्ल्यू0एच0ओ0 के एस0एम0ओ0, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारीगण सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण एवं प्रभारी चिकित्साधिकारीगण उपस्थित रहे।