इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जौनपुर। महाशिवरात्रि पर जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र द्वारा सुजानगंज स्थित गौरी शंकर धाम में भगवान शिव का दर्शन पूजन एवं जलाभिषेक किया गया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक बेलपत्र, पुष्प एवं माल्यार्पण किया तथा जनपदवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था का जायज़ा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन पूजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जनपदवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में श्रद्धा, आस्था और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने नागरिकों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। इस अवसर पर उप ज़िलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण तथा मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।