इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जलालपुर, जौनपुर। क्षेत्र के रेहटी बनपुरवा गांव की होनहार बेटी कीर्ति यादव के बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आपूर्ति निरीक्षण अधिकारी पद पर चयनित होने पर शुक्रवार को त्रिलोचन महादेव बाजार में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।सम्मान समारोह का नेतृत्व समाजसेवी विनय वर्मा ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कीर्ति यादव ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के बल पर यह सफलता अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि सीमित संसाधनों में भी बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखने वाले युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है।कीर्ति यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता सुशीला यादव, गुरुजनों तथा अपने भाई-बहनों को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस), बीएचयू से हुई, जबकि स्नातक की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में पूरी की। उन्होंने कहा कि बिहार पीसीएस में चयन उनके सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन उनका अंतिम लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में योगदान देना है। इसके लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारी कर रही हैं।कार्यक्रम के दौरान जनपद की प्रतिभावान गायिका विदुषी वर्मा ने अपने आवास पर कीर्ति यादव का माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कीर्ति की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।इस अवसर पर समाजसेवी चंदन सेठ, सुदर्शन मिश्रा, मयंक पटेल, संगम जायसवाल, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।