Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur : ​डीएम—एसपी ने शाहगंज में समाधान दिवस में सुनीं फरियाद।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

शाहगंज, जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह की उपस्थिति में स्थानीय तहसील के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस मौके पर जिलाधिकारी ने गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायती पत्रों पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाय।अंगद प्रसाद यादव निवासी ग्राम सुल्तानपुर पोस्ट रसूलपुर ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र के माध्यम से पैमाइश कराने हेतु अनुरोध किया जिस पर उन्होंने संबंधित कानूनगो और लेखपाल को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। वहीं रमेश चंद्र उपाध्याय निवासी ग्राम कोकना पिलकिछा ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि उनके मुख्य प्रेवश द्वार के सामने विपक्षीगण द्वारा 3 फीट ऊंची दीवार खडी करके आवागमन को अवरूद्ध कर दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीओ चकबन्दी सहित अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि शीघ्र ही समस्या का निस्तारण करें।अवधेश यादव निवासी ग्राम शहाबुददीनपुर (गोवरहा) परगना अंगुली ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से पुनः पैमाइश कराने के साथ ही पत्थरगड्डी उखाडने के विरूद्व कार्यवाही करने का अनुरोध किया जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को स्थलीय जांच कराकर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिये।जिलाधिकारी के समक्ष निवासी महमूदपुर सरपतहा के बनवारी लाल ने बताया कि उनका पुत्र दिव्यांग है। उनके द्वारा पेंशन तथा ट्राईसाइकिल दिलाने हेतु अनुरोध किया गया जिस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को दिव्यांग की पात्रता का सत्यापन कराते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये जिससे दिव्यांग फरियादी को शासन की विभिन्न योजनाओं से आच्छादित किया जा सके।इसी प्रकार जिलाधिकारी के समक्ष राजस्व विभाग, भूमि विवाद, पत्थरगड्डी, पेंशन आदि से सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिस पर उन्होंने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष 57 शिकायती पत्र प्राप्त हुये जिनमें से मौके पर 9 शिकायती पत्रों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शाहगंज, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।इसी तरह तहसील सदर अन्तर्गत कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसी क्रम में अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ जहां लोगों की शिकायतों को सुनकर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये गये।