इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद नगर में सोमवार की सुबह गाजीपुर -चितबड़ागांव मार्ग पर वकील बाड़ी के पास एक स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार जमालपुर मुहल्ले के मोहम्मद आरिफ (22)वर्ष की सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।पुलिस के अनुसार, मोहम्मद आरिफ अपनी बहन को स्कूटी पर बैठाकर तिवारीपुर की ओर जा रहा था। वकील बाड़ी के पास पहुंचने पर सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी स्कूटी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरिफ स्कूटी से गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। स्कूटी पर पीछे बैठी उसकी बहन सुरक्षित बच गई।हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति अपनी बाइक सहित मौके से फरार हो गया। मृतक मोहम्मद आरिफ यूसुफपुर जमालपुर मुहल्ले का निवासी था। उसने तीन दिन पहले ही यूसुफपुर नगर पालिका मैरेज हॉल के पास एक कटरे में कॉस्मेटिक की दुकान खोली थी। आरिफ के परिवार में पिता आशिक अंसारी और मां सैबुन खातून शामिल हैं।प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार हुए दूसरे बाइक सवार की तलाश कर रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।