इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जखनियां, गाजीपुर। क्षेत्र के डिल्ला गांव में सोमवार को एक स्कूली मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में करीब आधे दर्जन बच्चे घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, यह मैजिक वाहन शंकरपुर गांव स्थित रामदुलारी राम नारायण इंटर कॉलेज के बच्चों को छोड़ने जा रहा था। डिल्ला गांव में गंगाराम के खेत के पास वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे एक गड्ढे में पलट गया।हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। घायलों में डिल्ला गांव निवासी कन्हैया का हाथ टूट गया है, जबकि शिवम के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सोनू सहित कई अन्य बच्चों को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को ग्रामीणों की सहायता से तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि वाहन चालक मोबाइल पर बात कर रहा था, जिसके कारण उसका ध्यान भटक गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान लालमुनी राम सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। इस हादसे के बाद इलाके में अभिभावकों में चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूली वाहनों की नियमित जांच की जाए और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।