इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
>कब्जे से तमंचा-कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद।
सरायख्वाजा, जौनपुर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर, कुँवर अनुपम सिंह के द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे सघन अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा के नेतृत्व में थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम द्वारा मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहन/व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान कोइरिडीहा की ओर से मल्हनी रोड की तरफ एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का संकेत दिया गया, किन्तु वे रुकने के बजाय तेज गति से नहर पटरी मार्ग की ओर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा उनका पीछा किया गया। कुछ दूरी पर दूसरी पुलिया से बाएं मुड़ने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों गिर पड़े। बदमाशों द्वारा पुलिया की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। आत्मरक्षा में प्र.नि. सरायख्वाजा द्वारा फायर किया गया। तत्पश्चात सामने से फायरिंग बंद हो गई । कुछ समय पश्चात सावधानीपूर्वक आगे बढ़कर देखा गया तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिया के बाईं ओर घायल अवस्था में पड़ा मिला, जबकि दूसरा व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। घायल व्यक्ति के पास से एक देशी तमंचा.315 बोर, जिसमें एक खोखा कारतूस चेम्बर में फंसा हुआ था, बरामद हुआ। पूछताछ में अपना नाम कृष्णा यादव उर्फ गोलू उर्फ गोलई यादव पुत्र संजय यादव, निवासी छबिलेपुर, थाना सरायख्वाजा बताया। अभियुक्त ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर लूट, छिनैती एवं सुपारी लेकर अपराध करता है तथा उसी से प्राप्त धन से अपना खर्च चलाता है। उसने अपने फरार साथी का नाम विकास बताया, जो सरायख्वाजा क्षेत्र का ही निवासी है। घायल अभियुक्त को पुलिस हिरासत में लेकर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मु.अ.सं.- 243/26 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।