इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में विशेष टास्क फोर्स (एसटीएफ) का अत्याधुनिक जी+4 मुख्यालय भवन लगभग तैयार हो चुका है। 9.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह भवन सुरक्षा बलों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी पहल का हिस्सा है। लोक निर्माण विभाग खंड दो अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने लोक निर्माण विभाग(खंड दो) द्वारा कार्यान्वित यह परियोजना 17 अक्टूबर 2023 को शुरू हुई थी। वर्तमान में भवन का भौतिक प्रगति 98 प्रतिशत पहुंच चुकी है। फिनिशिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। यह भवन (अशर्फी भवन चौराहे के पास बना रहा हैं) जिसका कुल प्रस्तावित निर्मित क्षेत्रफल 1995.12 वर्गमीटर है। इसमें भूतल पर वाहन पार्किंग की सुविधा भी शामिल है जिसका क्षेत्रफल 211.39 वर्गमीटर है। पूरी तरह फ्रेम्ड स्ट्रक्चर पर आधारित यह चार मंजिला इमारत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। इसमें आधुनिक कार्यालय कक्ष, कमांड सेंटर, मीटिंग रूम, आराम कक्ष और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। एसटीएफ यूपी पुलिस की एक अत्यंत महत्वपूर्ण इकाई है जो आतंकवाद, संगठित अपराध, साइबर क्राइम और संवेदनशील सुरक्षा मामलों से निपटने की जिम्मेदारी संभालती है। अयोध्या जैसे धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील शहर में एसटीएफ का स्थायी, सुसज्जित मुख्यालय सुरक्षा ढांचे को और मजबूत बनाएगा। राम मंदिर, अयोध्या विकास प्राधिकरण क्षेत्र सहित आस—पास के इलाकों में तैनात सुरक्षा बलों के लिए यह भवन एक बेहतर कमान केंद्र के रूप में काम करेगा।भवन निर्माण में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान मुख्यमंत्री ने राज्य में पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने पर विशेष जोर दिया है। अयोध्या में एसटीएफ भवन का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गृह विभाग (पुलिस) के फंडिंग से बने इस भवन से न केवल एसटीएफ जवानों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, बल्कि समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता भी बढ़ेगी। भवन के निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा गया है। ऊर्जा दक्षता, प्राकृतिक प्रकाश-वेंटिलेशन और आधुनिक सिविल वर्क के साथ इसे पर्यावरण-अनुकूल बनाने का प्रयास किया गया है। पूरा भवन जल्द ही पूरी तरह संचालित हो जाएगा।अयोध्या में बढ़ते पर्यटकों की संख्या और सुरक्षा की चुनौतियों को देखते हुए इस भवन का पूरा होना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने इसे रामनगरी की सुरक्षा को नई ताकत देने वाला कदम बताया है।भवन का 98 फीसदी कार्य पूर्ण लोक निर्माण विभाग खंड दो अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि 9.48 करोड़ रुपये की इस परियोजना का 98 फीसदी कार्य पूर्ण लिया गया है। भवन निर्माण के बाद मूल विभाग को प्रोजेक्ट हैंडओवर कर दिया जायेगा।