इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के भन्नौर गांव के पास गुरुवार को बोलेरो और ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में ऑटो चालक समेत 5 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार महुआरी गांव निवासी मुन्ना अपनी तीन बेटियों के साथ गोपालापुर स्थित ससुराल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान भन्नौर गांव के पास सामने से आ रही एक बोलेरो ने उनके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।दुर्घटना में ऑटो चालक बृजभान (28) पुत्र हीरालाल निवासी जमालपुर थाना रामपुर, मुन्ना (45), खुशबू (12), अंजलि (13) और चांदनी (15) घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।परिजनों के अनुसार अंजलि के पैर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं चांदनी के दाहिने पैर और हाथ में चोटें आई हैं जबकि खुशबू के दाहिने पैर में चोट लगी है। अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है।सूचना मिलने पर बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करेगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।