इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
सरायख्वाजा, जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) ने गांधी वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम किया जहां विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं एनएसएस से जुड़े पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधन संकाय के प्रो. मानस पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज को सकारात्मक भाव से जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। विवि की स्थापना महात्मा गांधी के जन्मदिवस पर हुई थी तथा उनके शहादत दिवस पर विवि द्वारा 'बापू बाजार' की शुरुआत की गई जो गांधी जी के आदर्शों को व्यवहार में उतारने का सशक्त प्रयास रहा है।बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रो. प्रदीप कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को एक सूत्र में बांधने के लिए अहिंसा को अपना मार्ग बनाया। उनके विचार और सिद्धांत वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशिकांत यादव ने महात्मा गांधी के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किये।इस अवसर पर डॉ. सुशील कुमार, डॉ. श्याम कन्हैया सिंह, राकेश पांडेय, अंजनी मिश्रा, निशा, दीपांजलि गुप्ता, प्रिंस सिंह, सुशील सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।