Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur : डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामनगर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जतायी संतुष्टि।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

रामनगर, जौनपुर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का क्रमवार जायजा लेते हुये वहां उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।निरीक्षण की शुरुआत दवा वितरण काउंटर से की गई जहां दवाओं की उपलब्धता, वितरण प्रक्रिया और मरीजों को दी जा रही जानकारी के बारे में जानकारी ली गई। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने लेबर रूम का निरीक्षण कर प्रसव से संबंधित व्यवस्थाओं, साफ-सफाई तथा आवश्यक उपकरणों की स्थिति देखी। ड्रग स्टोर में दवाओं के रख-रखाव, स्टॉक रजिस्टर और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई।टीकाकरण कक्ष और महिला वार्ड के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां भर्ती महिलाओं सहित अन्य मरीजों से सीधे संवाद कर सुविधाओं, व्यवहार और उपचार की गुणवत्ता के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान एंटी रेबीज वैक्सीन तथा एंटी स्नेक वेनम के प्रचुर स्टॉक को देखकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुये इसे जनहित में अत्यंत आवश्यक बताया।अधीक्षक एवं चिकित्सक कक्ष में निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक और चिकित्सकों को निर्देशित किया कि संस्थागत डिलीवरी की संख्या बढ़ाने के लिए और अधिक प्रयास किए जाएं। साथ ही मरीजों से संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि आमजन को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।इस अवसर उपजिलाधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. रुचि सिंह, डॉ. त्रिभुवन यादव सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का समस्त चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा। जिलाधिकारी ने टीमवर्क की सराहना करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये।