इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के उदयचन्दपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब ननिहाल से ससुराल पहुंची विवाहिता के एक घंटे बाद फांसी पर झूलने से मौत की खबर मिली।सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार उक्त निवासी राजपत निषाद के पुत्र रोहित निषाद का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व वाराणसी जिले के दानगंज क्षेत्र स्थित कैथौर गांव निवासी कमलेश निषाद की पुत्री रूपा के साथ हुआ था। रूपा बचपन से अपने नाना शंकर निषाद के घर सिहौली (केराकत) में रह रही थी और वहीं से उसका विवाह संपन्न हुआ था। बताया जा रहा है कि रूपा चार दिन पूर्व ननिहाल में आयोजित रामायण कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। गुरुवार को वह सिहौली से ससुराल विदा होकर पहुंची। मायके पक्ष का आरोप है कि सुबह करीब 11 बजे उसका देवर राहुल उसे ससुराल ले गया जबकि रूपा शिवरात्रि के बाद जाने की बात कह रही थी।
मायका पक्ष को घटना के घण्टे भर बाद मिली जानकारी
परिजनों के अनुसार ससुराल पहुंचने के करीब एक घंटे बाद ही ससुर राजपत निषाद ने मायके पक्ष को घर बुलाया। जब वे मौके पर पहुंचे तो रूपा का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। मामा धीरू निषाद का आरोप है कि घटना के समय घर पर कोई ससुराल के लोग मौजूद नहीं था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई ने दी नामजद तहरीर
मृतका 3 बहनों और एक भाई में दूसरे स्थान पर थी। मृतका के छोटे भाई आर्यन निषाद ने तहरीर देकर पति रोहित, ससुर राजपत, सास दीपा, देवर राहुल तथा ननद मीना को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए विधिक कानूनी कार्यवाही की मांग की उठाई।