इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
केराकत, जौनपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसों की श्रृंखला देखने को मिली, जिसमें एक मासूम समेत कुल 11 लोग घायल हो गए, जबकि चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।जानकारी के अनुसार, देवकली बाजार के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने एक स्कूल बस को टक्कर मार दी, जिससे दो छात्र घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।वहीं, नई बाजार स्थित यूपी ग्रामीण बैंक के पास तेज रफ्तार बाइक ने सामने जा रही दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही एक अन्य बाइक से जा भिड़ी। इस हादसे में दो बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां तीन को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।इसी क्रम में कुसरना गांव के पास सवारियों से भरी दो ऑटो रिक्शा आमने-सामने टकरा गईं, जिसमें एक मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां दो को उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि एक मासूम समेत तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।