इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जौनपुर। विश्व ऑटिज़्म जागरूकता दिवस पर नगर के नईगंज में स्थित एक मनोविकास केंद्र पर डॉ. साधना मौर्य के निर्देशन में निःशुल्क ऑटिज़्म आकलन एवं जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ जहां अभिभावकों को ऑटिज़्म से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गयी। साथ ही बच्चों को सही तरीके से संभालने और उनके विकास में सहयोग करने के प्रभावी उपाय बताये गये। उपस्थित बच्चों का निःशुल्क आकलन कर उनके ऑटिज़्म स्तर की पहचान करते हुये आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक एवं विशेषज्ञों की टीम द्वारा बच्चों के व्यवहार, संचार एवं सामाजिक कौशल का मूल्यांकन किया गया। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को यह भी समझाया कि नियमित अभ्यास और उचित तकनीकों के माध्यम से बच्चों में सकारात्मक सुधार लाया जा सकता है।इस दौरान तमाम अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपने अनुभव साझा किये। शिविर में आपसी संवाद के माध्यम से एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिला जिससे अभिभावकों को बच्चों के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने की नई दिशा प्राप्त हुई। कार्यक्रम में केंद्र टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में बच्चों को उपहार वितरित किये गये जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल गये।