इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के कुसिया बहार गांव में शुक्रवार शाम हुई बारिश से एक कच्चा मकान ढह गया। हादसे में घर गृहस्थी का सामान, पशुओं का चारा, भूसा, अनाज और कृषि उपकरण मलबे में दबकर नष्ट हो गये। घटना के समय परिवार के सदस्य दूसरे घर में होने से जनहानि नहीं हुई लेकिन पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उक्त गांव निवासी पुद्दन राम बिन्द का कच्चा मकान बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मकान में रखा पशुओं का हरा चारा, भूसा, अनाज, चारा काटने की मशीन, दवा छिड़काव की मशीन समेत अन्य कृषि उपकरण क्षतिग्रस्त हो गये। मकान ढहने से परिवार के साथ ही पशुओं के लिए भी चारे का संकट उत्पन्न हो गया है। पीड़ित ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। लेखपाल पूनम गुप्ता ने बताया कि मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।