इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जौनपुर। सुरेरी गांव में शुक्रवार को खेत में लटक रहे बिजली के तार के संपर्क में आने से पंकज सिंह करंट से झुलस गए। उन्हें बचाने के लिए पहुंचे 23 वर्षीय बेटे हर्ष की करंट लगने से मौत हो गई। वह नीट की तैयारी कर रहा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा तार लटने की शिकायत पर भी उसे कसा नहीं किया गया। गांव के पंकज भैंस की भैंस चरते हुए चारे के खेत में पहुंच गई थी। भैंस को निकालने के लिए वह खेत में गए थे। परिजनों के अनुसार, वह भैंस को हांकने के लिए जैसे ही डंडा उठाया वह ऊपर से गुजरे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। डंडा भींगा होने की वजह इसमें करंट प्रवाहित होने लगा। पंकज वहीं गिरकर छटपटाने लगे। उन्हें बचाने के लिए दौड़े बेटा हर्ष भी करंट की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने किसी तार हटाकर दोनों को खेत से बाहर निकाला और उपचार के लिए भदोही के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया। पंकज सिंह का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि 440 वोल्ट का तार काफी नीचे लटक रहा था। इसकी शिकायत पहले भी बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शुक्रवार को खेत में पानी भरा होने के कारण करंट फैल गया, जिससे हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, विद्युत विभाग के एसडीओ मुरलीधर मौर्या ने कहा कि तार लटकने की जानकारी नहीं थी, फिर भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।