इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
रामपुर, जौनपुर। क्षेत्र के पचवल टोल टैक्स के पास सोमवार की सुबह करीब 11 बजे श्री हंसराज कैरियर पब्लिक स्कूल खेमापुर की स्कूली बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बस का अगला शीशा पूरी तरह टूट गया, लेकिन बस में सवार सभी छात्र-छात्राएं सुरक्षित रहे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। विद्यालय के प्रबंधक रविंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सभी बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें सकुशल घर भेज दिया गया। सूचना पर मड़ियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल भी घटनास्थल पहुंचे और बस का निरीक्षण कर बच्चों का हाल जाना। उन्होंने इसे ईश्वर की कृपा बताते हुए स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।