इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
बक्शा,जौनपुर। क्षेत्र के कौली गांव में ग्राम समाज की जमीन को लेकर बीते बुधवार की रात्रि हुई हत्या मामलें में मृतक अजय सिंह का शव घटना के 40 घण्टे बाद पत्नी द्वारा अंत्येष्टि को तैयार होने पर शुक्रवार को प्रशासन ने राहत की सांस ली। मृतक के घर देर रात्रि पहुँचे पूर्व सांसद धनंजय सिंह एवं सुबह पहुँचे महाराष्ट्र के पूर्व गृहराज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह के समझाने एवं आश्वासन देने पर परिजन शव के अंत्येष्टि के लिए तैयार हुए तो प्रशासन ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद एसडीएम सदर योगिता सिंह एवं सीओ सदर देवेश सिंह ने कार्यवाही का पूरा भरोसा दिलाया।घटना के बाद पोस्टमार्टम पश्चात शव के घर पहुँचने पर पत्नी शशिबाला सिंह ने आरोपियों पर त्वरित कार्यवाही एवं ग्राम समाज की अवैध भूमि पर आरोपियों के मकान पर बुलडोजर कार्यवाही की मांग को लेकर पति के शव की अंत्येष्टि से इंकार कर दी। प्रशासन के तमाम प्रयास के बाद भी परिजन नही मांगे। अर्धरात्रि पहुँचे पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने मृतक अजय की पत्नी को मदद का भरोसा दिलाया। सांसद ने अस्पताल में इलाजरत बेटे आकृति सिंह का खर्च वहन करने एवं उसके पठन पाठन का भरोसा दिलाते हुए डीएम एसपी से बात की। सुबह करीब दस बजे मृतक के घर पहुँचे महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने पीड़ित महिला एवं मृतक के बड़े भाई रमेश सिंह को सरकारी योजनाओं एवं पूरी मदद करने का भरोसा दिलाते हुए शव के अंत्येष्टि को राजी किया। उन्होंने कहा कि आरोपी कोई नही बचेगा पूरी मदद की जाएगी। मौके पर मौजूद एसडीएम सदर योगिता सिंह ने एवं सीओ सदर देवेश सिंह ने विवादित ग्राम समाज की भूमि को राजस्वकर्मियों से चिन्हित करवाते हुए कार्यवाही का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा नेता सतीश सिंह, श्यामराज सिंह, वीरेन्द्र सिंह, प्रधान अभिषेक सिंह, जयशंकर पाल, शिवश्याम सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद रहें।