इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के द्वारा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराए जाने हेतु टी.डी. इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की बैठने व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रवेश प्रक्रिया का जायजा लिया गया।जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि परीक्षा को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए।पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं ड्यूटी में तैनात कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के आसपास सतत निगरानी बनाए रखें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर अतिरिक्त उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।