Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur:पांच दिन में डेंगू के पांच नए मरीज मिले, अब तक 19 मामले।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

जौनपुर। जनपद में पिछले पांच दिनों में डेंगू के पांच नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जनवरी 2026 से अब तक डेंगू के कुल 19 मरीज मिल चुके हैं। राहत की बात यह है कि अब तक डेंगू से किसी की मृत्यु नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने अक्टूबर तक डेंगू संक्रमण की आशंका अधिक रहने को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।डेंगू मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाला वायरस जनित रोग है। इसमें तेज बुखार के साथ सिर, बदन, मांसपेशियों और हड्डियों में दर्द, उल्टी, मितली तथा भूख में कमी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। जांच और उपचार में देरी होने पर प्लेटलेट्स में कमी और रक्तस्राव जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि एडीज मच्छर कूलर, गमला, फ्रिज की ट्रे, खुली टंकी, हौद, प्लास्टिक व टिन के पात्रों में जमा साफ पानी में पनपता है। उन्होंने लोगों से घर के आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने, टंकियों को ढककर रखने और कूलर व फ्रिज की ट्रे का पानी सप्ताह में एक बार बदलने की अपील की। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने और बुखार होने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई है।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू की जांच, उपचार, आवश्यक दवाएं और ओआरएस आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय तथा मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क उपलब्ध हैं। अस्पतालों में मरीजों के भर्ती के लिए वार्ड भी उपलब्ध हैं। विभाग की ओर से फीवर सर्विलांस, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे, सोर्स रिडक्शन, एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग का कार्य लगातार कराया जा रहा है।