इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
खुली जीप में शांतनु महाराज के साथ ज्ञान प्रकाश सिंह हाथ जोड़कर जनता का करते रहे अभिवादन
कलश यात्रा के दौरान जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा
जौनपुर। सेवा भारती काशी प्रांत के नेतृत्व में मंगलवार को असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व के दिन नगर के केरारवीर मंदिर से झांकियों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह ऐतिहासिक कलश यात्रा भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह के सौजन्य से निकाली गई। श्रीराम कथा की पूर्व संध्या पर निकाली गई यात्रा में मातृशक्ति ने जिस तरह से भाग लिया शायद ही जनपद के किसी कलश यात्रा में भाग ली होंगी।
गौरतलब हो कि खुली जीप में कथा व्यास शांतनु महाराज के साथ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन कर रहे थे, जिस रास्ते से कलश यात्रा गुजरी उस रास्ते पर जगह-जगह स्वागत के साथ फूल वर्षा भी हो रही थी। जिले की यह ऐतिहासिक कलश यात्रा थी।अब तक जनपद में इतनी भव्य व विशाल कलश यात्रा देखने को नहीं मिली। कलश यात्रा में बजरंग बली के रूप में चल रहा कलाकार लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।कलश यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम से संबंधित तरह-तरह की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। कलश यात्रा केरारवीर मंदिर से शुरू होकर चहारसू चौराहा, ओलंदगंज, पॉलिटेक्निक चौराहा, वाजिदपुर तिराहा होते हुए श्रीराम कथा स्थल बीआरपी कॉलेज के मैदान में दुल्हन की तरह सजाए गए पंडाल में पहुंची. कलश यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।कलश यात्रा कथास्थल पर समाप्त होने के बाद मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने झांकियों में भाग लेने वाले कलाकारों को माला पहनाकर सम्मानित किया। कलश यात्रा के दौरान जय श्रीराम, जय बजरंगबली के नारे से पूरा नगर गूंज उठा। इस कलश यात्रा को सकुशल कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी लगा रहा।