Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Varanasi:इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, 03 वाहन जलकर राख।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

चौक,वाराणसी। क्षेत्र के कुंजी टोला में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी अन्य दो गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में एक बुलेट मोटरसाइकिल समेत कुल तीन वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय लोगों ने स्कूटी से धुआं निकलते देखा। कुछ ही पलों में तेज लपटें उठने लगीं और आग आसपास खड़े वाहनों तक पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए इलाके के लोग घरों से बाहर निकल आए। संकरी गलियों वाले क्षेत्र में अचानक मचे हड़कंप से लोगों में दहशत फैल गई।आग लगने के कारण मकान के भीतर तेजी से धुआं भर गया। स्थिति बिगड़ती देख परिवार के सदस्य और आसपास के लोग पड़ोसी मकानों की छतों के रास्ते बाहर निकले। इसी दौरान 70 वर्षीय चमेली देवी धुएं की चपेट में आ गईं और बेहोश हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के मकानों में आग फैलने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।भवन स्वामी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि आग की घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब छह लाख रुपये का आर्थिक नुकसान बताया जा रहा है।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।