इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
बरसठी, जौनपुर। कभी टिन शेड में पुलिसकर्मियों के भोजन की व्यवस्था वाला बरसठी थाना अब बेहतर सुविधाओं की ओर बढ़ रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल एन पाल और पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने थाना परिसर में नव निर्मित आदर्श भोजनालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद थाना परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इससे पहले थाने में आयोजित समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। परियत गांव निवासी दारा गौतम पुत्र मनेही राम गौतम ने प्रार्थना पत्र देकर खतौनी में नाम दर्ज न होने और बैनामे में गलत नाम दर्ज किए जाने की शिकायत की। मामले को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम को प्रकरण दिखाकर नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।वहीं गनेशपुर गांव निवासी राम सिंह उर्फ बग्गड़ ने भी जमीन से संबंधित शिकायत का प्रार्थना पत्र दिया। अधिकारियों ने संबंधित राजस्व टीम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में आए जमीन से जुड़े अन्य मामलों को भी राजस्व टीम को सौंपकर मौके पर जांच और नियमानुसार निस्तारण कराने को कहा गया। समाधान दिवस के बाद डीएम और एसपी ने थाने के मालखाने का निरीक्षण किया। मालखाने में रखे सामान, अभिलेखों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने थाना परिसर में निर्माणाधीन मीटिंग हाल का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम और एसपी ने आदर्श भोजनालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इससे पहले पुलिसकर्मियों के भोजन आदि की व्यवस्था टिन शेड में की जाती थी। अब आदर्श भोजनालय तैयार होने से उन्हें भोजन के लिए बेहतर और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो गया है। आदर्श भोजनालय के उद्घाटन के बाद थाना परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। विधि-विधान से हुए पाठ के दौरान थाना परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया। इस दौरान सीओ विजय चौधरी, एसडीएम नवीन कुमार, थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक अम्बरीश सिंह, अनिल यादव, शैलेन्द्र दुबे समेत राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी - कर्मचारी मौजूद रहे।