इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
सिरकोनी, जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र मनहन गांव में एक बन्द घर का ताला तोड़कर चोर एक बाइक सहित अन्य सामान उठा ले गये। पीड़ित मंगलवार को घर पहुंचा। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी सुबाष उपाध्याय परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। गांव के घर में ताला लगा हुआ था। 22 अगस्त की रात को उनके घर तथा घर के अंदर के कमरों तथा आलमारी का ताला तोड़कर चोर होंडा शाइन बाइक, एक एलईडी, पीतल के बर्तन और कपड़े आदि उठा ले गये। 23 अगस्त की सुबह गांव के किसी व्यक्ति की नजर घर पर पड़ी। दरवाजा खुला देखकर उसे शक हुआ। उसने सुबाष उपाध्याय के भतीजे विनोद उपाध्याय को सूचना दिया।वे जब मौके पर गये तो सारी जानकारी फोन से अपने चाचा सुबाष उपाध्याय को दिया। उनको बताया कि बाइक तथा एलईडी टीवी चोरी हो चुकी है। बाकी कमरों का ताला तोड़ दिया गया है। उसमें रखा सारा सामान अस्त—व्यस्त है। उन्होंने कहा कि वे अपने पुत्र मनीष को घर भेज रहे है। मनीष मंगलवार को घर आये। उन्होंने बताया के घर से बाइक और एलईडी टीवी के अलावा पीतल के हंडे, परात, कुछ कपड़े आदि भी चोरी हुये हैं। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दिया। थाना प्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। घर में परिवार के लोग वर्ष में एकाध बार आते जाते हैं। चोरी की घटना की जांच पड़ताल शुरू हो चुकी है। बहुत जल्द मामले का खुलासा होगा।