Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur:प्रेमी को बुलाने की जिद में किशोरी Vi टावर पर चढ़ी, घंटों मशक्कत के बाद सकुशल उतरी।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

रामपुर, जौनपुर। जनपद के नेवढ़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक किशोरी अपने प्रेमी को बुलाने और उससे शादी कराने की मांग को लेकर बेनीपुर गांव स्थित Vi टावर पर चढ़ गई। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेवढ़िया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक बेनीपुर गांव स्थित Vi मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरबी पुलिस और नेवढ़िया थाना प्रभारी निरीक्षक राजाराम द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।किशोरी के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही उसके परिजन, जिनमें उसकी मां और बड़ी बहन शामिल थीं, भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस, परिजन और ग्रामीणों ने मिलकर किशोरी को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रयास के बाद अंततः दोपहर 12:20 बजे किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।बताया जा रहा है कि किशोरी मढ़ी गांव निवासी अपने प्रेमी  को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की जिद पर अड़ी थी। जानकारी के अनुसार, उक्त युवक के खिलाफ नेवढ़िया थाने में धारा 137(2), 87, 65(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज था, जिसके चलते पुलिस ने उसे 6 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही किशोरी को अपने प्रेमी के जेल जाने की जानकारी हुई, वह काफी आक्रोशित हो गई और अपने घरवालों से उसी युवक से शादी कराने की मांग करने लगी। उसने चेतावनी दी थी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर पर चढ़ जाएगी, और गुरुवार को उसने अपनी बात को अंजाम दे दिया।काफी समझाने-बुझाने और प्रेमी से मिलाने का आश्वासन मिलने के बाद किशोरी नीचे उतरने के लिए राजी हुई। नीचे आने के बाद पुलिस ने उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने भेज दिया।घटना के दौरान एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। इस दौरान टावर के आसपास सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही।पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा किशोरी की काउंसलिंग भी कराई जाएगी।