इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
बरसठी,जौनपुर।स्थानीय क्षेत्र में शनिवार की शाम संविदा लाइनमैन अशोक यादव (40) पुत्र सत्य नारायण की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब छह बजे अशोक यादव आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त हुई विद्युत लाइन की मरम्मत कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने सटडाउन लेकर 11000 वोल्ट की मेन सप्लाई के तार जोड़ने का कार्य शुरू किया था। आरोप है कि इसी दौरान अचानक बिजली विभाग द्वारा सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गए।करंट लगते ही अशोक यादव पोल से नीचे सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।मृतक अपने पीछे दो बेटों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और एक्सईएन को दी गई, लेकिन तीन घंटे बीत जाने के बाद भी कोई विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।हादसे की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, नायब तहसीलदार और बरसठी थाना प्रभारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से लिखित तहरीर देने को कहा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।मृतक के परिजन और स्थानीय लोग लापरवाह विद्युत कर्मियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने, संबंधित एसडीओ और जेई को मौके पर बुलाने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।