Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Gonda: मासूम बेटे संग 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी मां,दो घंटे तक चला हाई-वोल्टेज रेस्क्यू।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

गोण्डा। जिले में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अपने 6 वर्षीय बेटे के साथ लगभग 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।घटना नगर क्षेत्र स्थित रघुकुल विद्यापीठ परिसर की है जहां महिला करीब 50 फीट की ऊंचाई पर बच्चे के साथ बैठ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई तथा मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।जानकारी के अनुसार तरबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी बाजार निवासी महिला किसी कथित प्रताड़ना से परेशान होकर अपने मासूम बेटे के साथ टावर पर चढ़ गई थी। टावर पर महिला और बच्चे को देखकर आस—पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय तथा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिला को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह करीब दो घंटे तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी आनंद राय ने माइक के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर महिला को बताया।इसके बाद महिला ने फोन पर बातचीत करते हुए राम इकबाल नामक व्यक्ति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया और अपनी पीड़ा अधिकारियों के सामने रखी। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार महिला को शांत करने और सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद महिला तथा उसके पुत्र को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस के अनुसार महिला के 3 अन्य बच्चे घर पर मौजूद हैं। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर सामाजिक एवं पारिवारिक विवादों के कारण उत्पन्न होने वाली गंभीर परिस्थितियों की ओर ध्यान आकर्षित किया है जहां एक मां अपने मासूम बच्चे के साथ जान जोखिम में डालने को मजबूर हो गई।