Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur : सीएचसी चोरसण्ड एवं पीएचसी धर्मापुर में एचपीवी टीकाकरण के लिये हुआ जागरूकता कार्यक्रम।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

धर्मापुर, जौनपुर। प्रदेश सरकार की मंशानुसार चलाये जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलास्तरीय प्रशिक्षण के उपरांत अब ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोरसंड में अधीक्षक डा. श्रवण यादव ने अस्पताल आये लगभग 48 मरीजों सहित परिजनों को इस टीकाकरण के प्रति जागरूक किया।वहीं धर्मापुर पीएचसी पर प्रभारी डॉ इंद्रजीत यादव ने 28 मरीजों सहित उनके साथ आये परिजनों को इस टीके को लगवाने के लिये प्रेरित किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ श्रवण यादव ने बताया कि जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र एवं प्रभारी सीएमओ डॉ प्रभात कुमार के मार्गदर्शन में धर्मापुर ब्लॉक व नगर पंचायत गौराबादशाहपुर के अन्तर्गत आने वाले प्रत्येक गांवों के उन बच्चियों को यह टीका लगाया जाएगा जिनकी उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच है।उन्होंने स्पष्ट किया कि इस टीके का कोई साइड इफेक्ट नहीं है और इसका मुख्य उद्देश्य भविष्य में होने वाले बच्चेदानी के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम करना है। यह टीका जीवन में सिर्फ एक बार ही लगाया जाएगा। सीएचसी अधीक्षक डॉ श्रवण यादव ने सीएचसी में बैठक करके अधीनस्थ स्टाफ और पीएचसी धर्मापुर के अधीक्षक डॉ इंद्रजीत यादव समेत सभी एएनएम व स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम को फैलने से रोकें। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाय।
इस अवसर पर आईओ विनोद जोशी, एआरओ अभिषेक मौर्य, विनय बहादुर, डॉ इंद्रजीत यादव, अमित साहू, राजेश कुमार सहित स्वास्थ्यकर्मी, मरीज, परिजन आदि मौजूद रहे।