Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Jaunpur:कक्षा 4 की छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के आरोप में प्रधानाध्यापक पर मुकदमा दर्ज।

इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क 

बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के महमदपुर पट्टी हुलास स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कक्षा 4 की दो छात्राओं से शनिवार को कथित छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राओं ने घर पहुंचकर परिजनों को विद्यालय में उनके साथ हुए कथित अनुचित व्यवहार की जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि छात्राएं विद्यालय से छुट्टी लेने के लिए प्रधानाध्यापक के पास गई थीं, इसी दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। छात्राएं किसी बहाने विद्यालय से घर पहुंचीं और रोते हुए परिजनों को घटना के बारे में बताया। सूचना मिलते ही परिजन अन्य ग्रामीणों के साथ विद्यालय पहुंचे और विरोध जताया। स्थिति की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला किसी तरह शांत कराया। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार निषाद पुत्र मिठाईलाल, निवासी ग्राम खामपुर थाना बक्सा, जनपद जौनपुर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि छात्राओं के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं तथा प्रकरण की जांच विधिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।अभिभावकों ने विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।