इंद्रा एक्सप्रेस नेटवर्क
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के पट्टीनरेंद्रपुर में सोमवार की शाम तीन बजे आगलगी में चार सगे भाइयों की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पड़ोसियों द्वारा निजी नलकूप से आग बुझाने का प्रयास हो रहा था तभी फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुँच गई और किसी तरह आग पर काबू पाया गया। घटना के बारे में जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। जानकारी के अनुसार गांव में भूसा बनाने की मशीन चल रही थी। कथित तौर पर उसी से निकली चिंगारी से आग लग गई। हवा तेज होने के कारण आग ने पड़ोस में ही छोटेलाल,अच्छेलाल,सूरज व त्रिभुवन के रिहायशी छप्परों को अपने आगोश में ले लिया। चीख पुकार का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और निजी नलकूप के सहारे किसी तरह आग बुझाने का कार्य शुरू हुआ। तभी फायर बिग्रेड की गाड़ी भी पहुंच गई और फिर जाकर आग पर काबू पाया जा सका। आग लगी की इस घटना में चारों ही भाइयों का पूरा गृहस्थी का सामान कपड़े, बिस्तर,गेंहूँ,चावल सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया।